बरेली। मीरगंज थाना पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लगने के बाद उसके साथी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा गया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी भैंस चोरी की वारदात में शामिल थे। उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, खोखा कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 की रात पुलिस टीम अपराध की रोकथाम और रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश भाखड़ा नदी पुल के पास ग्राम नौगवा जाने वाले मार्ग पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
रात करीब 2:25 बजे पुलिस टीम का दो बदमाशों से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उस्मान पुत्र नक्शे अली, निवासी खेमपुर, थाना अजीम नगर, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा।
वहीं उसके साथी रईस पुत्र मोहम्मद शाह, निवासी महेशपुरा, थाना भोट, रामपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।
पूछताछ में भैंस चोरी की वारदात का खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 5 सितंबर 2026 की तड़के करीब तीन बजे ग्राम नौगांव में दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि चोरी के दौरान ग्रामीणों के जाग जाने से वे घबरा गए और चोरी की गई भैंसों तथा वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे।
इस मामले में मीरगंज थाने में पहले से मुकदमा अपराध संख्या 445/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP 23 AT 1609 और दोनों भैंस पहले ही बरामद की जा चुकी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
दोनों के पास से हथियार और नकदी बरामद
पुलिस ने उस्मान के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 300 रुपये नकद और वीवो मोबाइल फोन बरामद किया।
वहीं रईस के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तमंचे में लगा एक राउंड, 250 रुपये नकद और ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस मुठभेड़ के संबंध में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। बरामद हथियारों और कारतूसों को कब्जे में लेकर मामले की आगे जांच की जा रही है।










