बरेली। मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भोजीपुरा थाना पुलिस और एसओजी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हाईवे किनारे यात्री शेड के पास खड़ी होंडा सिटी कार से 52 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा बरामद करते हुए पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बरामद डोडा को पंजाब के पटियाला ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के कोतवाली क्षेत्र के गोलबन्दनगर निवासी मंगतदीन पुत्र मुश्ताक खान और थाना डकाडा क्षेत्र के ग्राम बिलावरपुर निवासी परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह पुत्र विक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है।
संदिग्ध कार की तलाशी में मिला डोडा
पुलिस के अनुसार भोजीपुरा थाना पुलिस रात्रि गश्त और अपराध की रोकथाम के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान बिलवा पुल से ग्राम सैदपुर चुन्नीलाल की ओर सड़क किनारे खड़े वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। एसओजी से मिली गोपनीय सूचना और सहयोग के आधार पर पुलिस टीम ने हाईवे किनारे दीदारपट्टी यात्री शेड के पास खड़ी सफेद रंग की होंडा सिटी कार को संदिग्ध मानकर चेक किया।
कार के अंदर दो लोग बैठे मिले। तलाशी लेने पर कार से 52 किलो 400 ग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 11 सितंबर 2026 की रात करीब 12:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
सोनू से डोडा खरीदने का दावा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि उन्होंने कुछ देर पहले हाईवे पर सोनू नाम के व्यक्ति से डोडा खरीदा था। दोनों के मुताबिक वे डोडा को कार से पंजाब के पटियाला ले जाकर बेचते थे और उससे होने वाली कमाई से अपना गुजारा करते थे। आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस अब डोडा उपलब्ध कराने वाले सोनू की तलाश कर रही है।
आठ मुकदमों का आरोपी है परमजीत
पुलिस के मुताबिक मंगतदीन के खिलाफ पंजाब में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं परमजीत सिंह उर्फ चरनजीत सिंह के खिलाफ पंजाब के अलग-अलग थानों में एनडीपीएस एक्ट और प्रिजन एक्ट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार वर्ष 2019 से 2025 के बीच उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए हैं और वर्तमान मुकदमे को मिलाकर उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की संख्या आठ हो गई है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 किलो 400 ग्राम डोडा, होंडा सिटी कार संख्या DL7CF 9865, दो मोबाइल फोन, एक पर्स में रखे 8,370 रुपये, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और 1,700 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बरामदगी के आधार पर भोजीपुरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 721/2026, धारा 8/15/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में सोनू को भी आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम
कार्रवाई करने वाली भोजीपुरा पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल 838 सुमित शर्मा, हेड कांस्टेबल 309 मोहम्मद इदरीश, कांस्टेबल 1024 नितिन कुमार और कांस्टेबल 131 नितिन कुमार शामिल रहे। कार्रवाई में एसओजी बरेली प्रभारी निरीक्षक सुनील शर्मा और उनकी टीम का भी सहयोग रहा।










