बरेली। बड़ा बाईपास पर परधोली गांव के पास मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार नवविवाहित दंपति की मौत हो गई। लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे बाइक सवार पति-पत्नी को रौंद दिया। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ससुराल से घर लौट रहे थे पति-पत्नी
भुता थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी 24 वर्षीय मटरू कश्यप उर्फ गगन मंगलवार शाम करीब पांच बजे अपनी 23 वर्षीय पत्नी कमलेश के साथ बाइक से सीबीगंज के नदोसी स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। दोनों बड़ा बाईपास पर परधोली गांव के पास पहुंचे थे, तभी सामने से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई।
डिवाइडर पार करते ही बाइक से टकराई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। डिवाइडर पार करने के बाद कार सीधे बाइक सवार दंपति से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मटरू और कमलेश सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था मटरू
जिला अस्पताल की मोर्चरी पर मौजूद मटरू के तहेरे भाई ओमपाल ने बताया कि मटरू तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में उसी की शादी हुई थी। वह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। अचानक हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही सीबीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घटनास्थल की जांच करने के साथ पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी कब्जे में ले लिया है।
कार सवार चार लोग हिरासत में
परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद पुलिस ने कार में सवार चारों लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस कार की रफ्तार, चालक के नियंत्रण खोने और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। हादसे में जिम्मेदारी किसकी रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
चार महीने पहले हुई थी शादी
मटरू और कमलेश की शादी को अभी सिर्फ चार महीने हुए थे। दोनों ने साथ जिंदगी की नई शुरुआत की ही थी कि मंगलवार शाम हुए भीषण हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। ससुराल से घर लौट रहा यह नवविवाहित जोड़ा रास्ते में ही मौत का शिकार हो गया।
एक साथ उजड़ा परिवार, मोर्चरी पर मचा कोहराम
पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर मिलते ही महेशपुर गांव में मातम पसर गया। जिला अस्पताल की मोर्चरी पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जिस दंपति के घर लौटने का इंतजार था, वहां अब उनके शव पहुंचने की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया।











