बरेली। मीरगंज तहसील क्षेत्र के कपूरपुर गांव में रामगंगा नदी का कटान लगातार बढ़ता जा रहा है। नदी के तेज बहाव और भीषण कटान के चलते देर रात गांव का प्राचीन मंदिर नदी की धारा में समा गया। मंदिर के नदी में समाने की खबर से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार यह प्राचीन मंदिर लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र था। नदी के लगातार बढ़ते कटान को देखते हुए ग्रामीणों में पहले से ही मंदिर को लेकर चिंता बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि मंदिर को नदी के कटान से बचाने के लिए पिछले कई दिनों से प्रशासन की ओर से बचाव के प्रयास किए जा रहे थे। इसके बावजूद रामगंगा नदी का कटान थम नहीं सका और देर रात नदी की तेज धार ने मंदिर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
मंदिर के नदी में समाने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रामगंगा के कटान को रोकने के लिए प्रभावी और स्थायी इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि आसपास के गांव और अन्य धार्मिक स्थलों को भी नदी की धारा से बचाया जा सके।











