जोगी नवादा में पत्नी की हत्या, दो बेटों संग फरार हुआ पति

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा में बृहस्पतिवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की चाकू और सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति अपने दो बेटों को लेकर फरार हो गया, जबकि बेटी को घर पर ही छोड़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
मृतका की पहचान सरोज (35) के रूप में हुई है। बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुलड़िया निवासी उसके भाई महेश ने बताया कि सरोज की शादी जोगी नवादा निवासी सतीश से हुई थी। घरेलू विवाद के चलते सरोज कुछ समय पहले मायके चली गई थी। करीब दो दिन पहले ही सतीश उसे वापस जोगी नवादा लेकर आया था।
परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सतीश ने सरोज पर चाकू से कई वार किए और फिर सिलबट्टे से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
मृतका के भाई महेश ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सतीश दहेज को लेकर सरोज को परेशान करता था। उनका आरोप है कि सतीश शराब पीने का आदी था और अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करता था। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, वारदात के बाद सतीश अपने दोनों बेटों को लेकर फरार हो गया, जबकि बेटी को घर पर छोड़ गया। आरोपी मिठाई की दुकान पर हलवाई का काम करता था। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

संवाददाता रोहिताश कुमार

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें