बरेली। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बारादरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 187 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
रात में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
थाना प्रभारी बारादरी विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रात में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वंश हॉस्पिटल वाली गली के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 187 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी एनडीपीएस एक्ट में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतेन्द्र पुत्र दरबारी लाल, निवासी ग्राम ताजपुर नवादा, थाना भमोरा, बरेली, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित मुकदमा दर्ज है और वह अफीम बेचने के आरोप में जेल जा चुका है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है और खेती-बाड़ी करता है। अफीम बेचने के मामले में जेल जाने के बाद उसके पास पैसे नहीं बचे थे। इसके बाद वह बरेली आकर अफीम बेचने लगा। पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन भी वह अफीम बेचने के लिए बरेली आया था और ग्राहक का इंतजार कर रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बारादरी थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बारादरी में मु0अ0सं0 1254/2026, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी मु0अ0सं0 1333/2025, धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट और धारा 112 बीएनएस के तहत थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
यह हुई बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 187 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सौरभ डढ़ा, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, कांस्टेबल नवीन कुमार और कांस्टेबल रोहित चौधरी शामिल रहे।











