बरेली। प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली के अवैध पालन के खिलाफ मत्स्य विभाग और तहसील प्रशासन ने गुरुवार को संयुक्त कार्रवाई की। सहायक निदेशक मत्स्य बरेली और उपजिलाधिकारी मीरगंज के नेतृत्व में ग्राम रैया नगला में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान चांद बाबू के करीब 2.5 बीघा क्षेत्रफल वाले तालाब में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली का पालन होता पाया गया।
निरीक्षण के दौरान तालाब से करीब 250 से 300 ग्राम वजन की लगभग दो क्विंटल थाई मांगुर मछली बरामद हुई। प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में मत्स्य विभाग की टीम ने मौके पर ही मछलियों का विनिष्टीकरण कराया।
अधिकारियों ने मत्स्य पालक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में दोबारा प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली का पालन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि थाई मांगुर मछली का पालन, बिक्री, परिवहन और सेवन न करें। अधिकारियों के मुताबिक यह आक्रामक प्रजाति है, जो तालाबों में स्थानीय मछलियों के साथ-साथ जलीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित मछली के अवैध पालन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










