बरेली। प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली के पालन के खिलाफ गुरुवार को मत्स्य विभाग और तहसील प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की। सहायक निदेशक मत्स्य बरेली और उपजिलाधिकारी मीरगंज के नेतृत्व में टीम ने ग्राम रैया नगला में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चांद बाबू के करीब 2.5 बीघा तालाब में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली का पालन पाया गया।
निरीक्षण के दौरान तालाब में करीब 250 से 300 ग्राम वजन की लगभग दो क्विंटल थाई मांगुर मछली मिली। प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में मत्स्य विभाग की टीम ने मछलियों का मौके पर ही विनिष्टीकरण कराया।
कार्रवाई के दौरान मत्स्य पालक को कड़ी चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में दोबारा प्रतिबंधित थाई मांगुर का पालन पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से थाई मांगुर मछली का पालन, बिक्री, परिवहन अथवा सेवन न करने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार थाई मांगुर एक आक्रामक प्रजाति है, जो स्थानीय मछलियों और जलीय पारिस्थितिकी के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
प्रशासन ने प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली के पालन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।










