बरेली। आंवला थाना क्षेत्र के कसुमरा गांव में शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और गांव में संचालित शराब की दुकानों को तत्काल दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकानों के बाहर दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे की हालत में कुछ शराबी महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता करते हैं, जिससे गांव में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकानों के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ कहा कि गांव में शराब की दुकानें नहीं चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दुकानों को तत्काल आबादी से दूर दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की।
महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने महिलाओं को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मामला आंवला थाना क्षेत्र के कसुमरा गांव का है।











