बरेली। जिले के फरीदपुर कस्बे में स्थित एक रेस्टोरेंट में पनीर की सब्जी में मांस के टुकड़े मिलने का आरोप लगने के बाद हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। जानकारी के अनुसार मोहल्ला परा ठाकुरान गढ़ी निवासी विक्रम सिंह अपने दोस्त के साथ फरीदपुर बड़े बाइपास स्थित भूरेखां गौटिया में बने शान फैमिली रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। उन्होंने पनीर की सब्जी और रोटी का ऑर्डर दिया था। आरोप है कि खाना खाते समय पनीर की सब्जी में मांस के टुकड़े निकल आए। इस बात पर ग्राहक ने विरोध जताते हुए रेस्टोरेंट संचालक पर धर्म भ्रष्ट करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर ग्राहक और रेस्टोरेंट संचालक के बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मौके पर हंगामा शुरू हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक शान अली को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की। सूचना मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कुछ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उनका आरोप था कि रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज खाना एक ही ग्रेवी में तैयार किया जाता है।
मामले में फरीदपुर क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है और फिलहाल स्थिति सामान्य है।












