Budaun: सत्या ट्रेडर्स मॉल में देर रात भीषण आग, दमकल ने घंटों बाद पाया काबू

बदायूं। जिले की नगर पंचायत मुड़िया धुरेकी में हाईवे किनारे स्थित सत्या ट्रेडर्स मॉल में बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मॉल के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात मॉल से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इसके बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद तड़के करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका।

हालांकि तब तक मॉल में रखा अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। गनीमत रही कि घटना के समय मॉल में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं प्रशासन ने नुकसान का आकलन कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें