बरेली। नवाबगंज क्षेत्र में गुरुवार को एक चार वर्षीय मासूम गन्ने के कोल्हू के पास बनी संकरी सुरंग में फंस गया। लगभग दो घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद जेसीबी मशीन की मदद से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार बरखन निवासी संतोष अपने परिवार के साथ पीलीभीत-बरेली बाईपास स्थित गरगईया निवासी शाकिर के कोल्हू पर काम करते हैं और वहीं परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने एक कुत्ता पाल रखा है, जिसके दो पिल्ले हैं।
बताया गया कि गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक पिल्ला कोल्हू के पास बनी खाली सुरंग में घुस गया। पिल्ले को निकालने के लिए संतोष का चार वर्षीय पुत्र बिपिन भी उसी संकरी सुरंग में घुस गया, लेकिन अंदर जाकर फंस गया और बाहर नहीं निकल सका।
बच्चे के सुरंग में फंसने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने फावड़ों से मिट्टी हटाकर बच्चे को निकालने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिली। इसके बाद बाईपास निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन को बुलाया गया।
करीब दो घंटे तक लगातार खुदाई करने के बाद मासूम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और बचाव कार्य में सहयोग किया।
रेस्क्यू के दौरान बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मासूम के सकुशल बाहर आने के बाद परिवार और मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।












