बरेली। शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जलभराव की समस्या को लेकर महापौर डॉ. उमेश गौतम पिछले करीब 48 घंटे से लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। शुक्रवार से रविवार तक उन्होंने दिन-रात कई इलाकों में पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और नगर निगम अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
रविवार को महापौर नगर निगम की टीम के साथ गणेशपुरम, पवन विहार और हारूनगला समेत कई कॉलोनियों में पहुंचे। उन्होंने मौके पर जलभराव की स्थिति देखी और अधिकारियों से जलनिकासी की जानकारी ली। महापौर ने जरूरत वाले स्थानों पर पंप लगाकर तत्काल पानी निकालने के निर्देश दिए।
सुभाषनगर में नाले की निकासी पर जोर
सुभाषनगर क्षेत्र में राजीव कॉलोनी के नाले की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर भी महापौर ने अधिकारियों को योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाले की निकासी को रेलवे लाइन के आगे बदायूं रोड तक ले जाने की संभावनाओं पर कार्ययोजना बनाने को कहा, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या को कम किया जा सके।
शुक्रवार से लगातार मैदान में महापौर
महापौर शुक्रवार को देर रात तक जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में निरीक्षण करते रहे। इसके बाद शनिवार और रविवार को भी उनका दौरा जारी रहा। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को जहां जरूरत हो वहां अतिरिक्त पंप लगाने, नालों की सफाई कराने और जलनिकासी के रास्तों को सुचारु रखने के निर्देश दिए।
लोगों से बातचीत कर सुनी समस्याएं
गणेशपुरम, पवन विहार और हारूनगला समेत अन्य क्षेत्रों में महापौर ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने लगातार बारिश के कारण जलभराव और आवागमन में हो रही परेशानी की जानकारी दी। महापौर ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों को जल्द राहत दिलाने के निर्देश दिए।
स्थायी समाधान पर भी जोर
महापौर ने कहा कि तत्काल पानी निकालने के साथ ही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर भी काम किया जाना जरूरी है। इसके लिए नालों की सफाई, उनकी क्षमता, जलनिकासी के रास्तों और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत और जलनिकासी का काम लगातार जारी है। नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लेते हुए तत्काल राहत के साथ स्थायी समाधान की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।











