बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने गोकशी और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, छुरी, रस्सी और मोहरी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल और सचिन, निवासी ग्राम पैग नगरी उर्फ नल नगरिया, थाना मीरगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को जतन पुत्र घनश्याम निवासी ग्राम नगरिया सादात, थाना मीरगंज की शिकायत पर मुन्तयाज अली, ज्ञानसू और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 261/2026 दर्ज किया गया था। आरोप था कि गौवंशीय पशुओं को टेंपो संख्या UP25JT6536 में भरकर ले जाया जा रहा था और टेंपो को जान से मारने की नीयत से चढ़ाने का प्रयास किया गया।
मामले में पुलिस ने 8 अगस्त को मुन्तयाज अली और ज्ञानसू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना के दौरान राहुल और सचिन के नाम भी सामने आए। दोनों आरोपी इसके बाद से वांछित चल रहे थे।
वांछित आरोपियों की तलाश के दौरान फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी रबर फैक्ट्री कॉलोनी क्षेत्र में झाड़ियों के पास खंडहरनुमा मकान के समीप मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 29 सितंबर 2026 को मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान राहुल के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से पशुओं को पकड़ने में इस्तेमाल होने वाली रस्सी, मोहरी और एक छुरी भी बरामद की गई। तमंचे और कारतूस की बरामदगी के मामले में राहुल के खिलाफ थाना फतेहगंज पश्चिमी में मुकदमा अपराध संख्या 322/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली में समरसेबल और चाट का काम करते हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने मुन्तयाज अली द्वारा रस्सी, मोहरी और छुरी उपलब्ध कराने तथा गौवंशीय पशुओं को पकड़कर बेचने से मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त को दोनों आरोपी मुन्तयाज अली और ज्ञानसू के साथ धनेटा फाटक के पास गौवंशीय पशुओं को पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान गौ-रक्षक वहां पहुंच गए, जिसके बाद राहुल और सचिन मौके से फरार हो गए, जबकि मुन्तयाज अली और ज्ञानसू पकड़े गए। बाद में दोनों आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल पुत्र यदिराम, उम्र करीब 24 वर्ष और सचिन पुत्र यदिराम, उम्र करीब 20 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम पैग नगरी उर्फ नल नगरिया, थाना मीरगंज, जनपद बरेली शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।











