रेजीडेंसी गार्डन में जलभराव से परेशान महिलाओं ने मेयर को सौंपा शिकायती पत्र

बरेली। स्टेडियम रोड स्थित रेजीडेंसी गार्डन कॉलोनी में बार-बार हो रहे जलभराव से परेशान महिलाओं ने सोमवार को नगर निगम पहुंचकर मेयर डॉ. उमेश गौतम से मुलाकात की। महिलाओं ने शिकायती पत्र सौंपते हुए जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि बारिश के दौरान पंप लगाकर पानी निकाल दिया जाता है, लेकिन बारिश रुकने के बाद समस्या का मूल समाधान नहीं हो पाता।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक तेज बारिश शुरू होते ही उन्हें घरों में पानी भरने की चिंता सताने लगती है। कई बार सड़कों और कॉलोनी के आसपास के हिस्सों में काफी मात्रा में पानी जमा हो जाता है। स्थिति गंभीर होने पर पानी घरों के अंदर तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी होती है।
ढाई से तीन फीट तक जमा हो चुका है पानी
कॉलोनी की महिलाओं ने बताया कि सितंबर की शुरुआत में हुई भारी बारिश के दौरान रेजीडेंसी गार्डन में जलभराव की स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। कई हिस्सों में ढाई से तीन फीट तक पानी जमा होने की स्थिति सामने आई थी। बारिश का पानी कई घरों में घुस गया था। इससे घरेलू सामान, फर्नीचर और वाहनों को नुकसान पहुंचा था।
जलभराव की वजह से कुछ परिवारों को अस्थायी रूप से होटल और रिश्तेदारों के यहां रुकना पड़ा था। इसके बाद नगर निगम की ओर से कई पंपिंग मशीनें लगाकर पानी की निकासी कराई गई थी। अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी के इंतजाम करने के निर्देश दिए थे।
स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था की मांग
महिलाओं ने मेयर के सामने कहा कि हर बार पंप लगाकर पानी निकालना स्थायी समाधान नहीं है। रेजीडेंसी गार्डन की जलनिकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच कराकर नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त कराया जाना चाहिए।
महिलाओं ने मांग की कि कॉलोनी में ऐसी स्थायी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे तेज बारिश के बाद पानी लंबे समय तक सड़कों और घरों के आसपास जमा न रहे। उनका कहना था कि जलभराव के मूल कारण का पता लगाकर उसका स्थायी समाधान किया जाए।
दोबारा बारिश से बढ़ी चिंता
सितंबर के अंतिम सप्ताह में हुई बारिश के बाद कॉलोनीवासियों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई। शनिवार को मेयर डॉ. उमेश गौतम ने नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और नगर निगम की टीम के साथ रेजीडेंसी गार्डन समेत शहर के कई जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। इस दौरान अतिरिक्त मोटर पंप और सुपर शाकर लगाकर पानी निकालने के निर्देश दिए गए थे।
महिलाओं ने कहा कि तत्काल पानी निकालने की व्यवस्था के साथ-साथ भविष्य में जलभराव रोकने के लिए स्थायी कार्य कराया जाना जरूरी है। मेयर ने महिलाओं की शिकायत सुनकर समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
शिकायती पत्र सौंपने वालों में जसप्रीत कौर, डॉ. शालिनी गुप्ता, रोमी, प्रीति और मीनाक्षी समेत रेजीडेंसी गार्डन कॉलोनी की कई महिलाएं शामिल रहीं।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें