नकटिया नदी में 18 वर्षीय युवक बहा, आठ घंटे की तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के तुला शेरपुर में मंगलवार सुबह दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया 18 वर्षीय युवक महेश नकटिया नदी के तेज बहाव में बह गया। युवक को डूबता देख उसके दोस्त अभिषेक ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह महेश तक नहीं पहुंच सका। सूचना मिलते ही इज्जतनगर और बिथरी चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। बाद में पीएसी के गोताखोरों को भी अभियान में लगाया गया। आठ घंटे से अधिक समय तक तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गया था महेश
तुला शेरपुर निवासी 18 वर्षीय महेश मंगलवार सुबह अपने दोस्त अभिषेक, शिवा और नकुल के साथ श्मशान घाट के पास नकटिया नदी में मछली पकड़ने गया था। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे महेश अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आ गया।
महेश को पानी में बहता देखकर अभिषेक ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। उसने महेश तक पहुंचने की काफी कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण वह उसे पकड़ नहीं सका। कुछ ही देर में महेश पानी में ओझल हो गया।
पुलिस और गोताखोरों ने चलाया तलाशी अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही इज्जतनगर और बिथरी चैनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर महेश की तलाश शुरू कराई गई। इसके बाद पीएसी के गोताखोरों को भी अभियान में शामिल किया गया।
करीब आठ घंटे से अधिक समय तक नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन महेश का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस की निगरानी में गोताखोर लगातार नदी में संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद महेश के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन उसके मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें