बरेली। कारोबारी के मैनेजर से नौ लाख रुपये से अधिक की लूट के बाद बदमाशों का पीछा कर बड़ा बाईपास पर मुठभेड़ में दो बदमाशों को ढेर करने वाले इंस्पेक्टर गीतेश कपिल को उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित किया गया है। गुरुवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें गैलेंट्री मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।
इंस्पेक्टर गीतेश कपिल वर्तमान में बरेली जोन कार्यालय में तैनात हैं। गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर उनके वीरता पदक की घोषणा की गई थी। सम्मान मिलने के बाद बरेली पुलिस और जोन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी।
कोहाड़ापीर में हुई थी बड़ी लूट
मामला बरेली के कोहाड़ापीर इलाके में हुई बड़ी लूट से जुड़ा है। सुबह के समय एक कारोबारी के मैनेजर को निशाना बनाकर बदमाशों ने नौ लाख रुपये से अधिक की रकम लूट ली थी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गईं और उनके संभावित ठिकानों तथा भागने के रास्तों पर घेराबंदी शुरू की गई।
पुलिस को बदमाशों के बड़ा बाईपास की ओर भागने की सूचना मिली। इसके बाद अहलादपुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने बदमाशों को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा भी बरामद किया था।
एनकाउंटर ऑपरेशन में निभाई अहम भूमिका
पूरे ऑपरेशन में इंस्पेक्टर गीतेश कपिल और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बदमाशों का पीछा करने से लेकर उनकी घेराबंदी और मुठभेड़ तक पुलिस टीम ने कार्रवाई की। इसी ऑपरेशन में उनकी भूमिका और बहादुरी को देखते हुए उन्हें वीरता पदक के लिए चुना गया था।
सीएम योगी ने किया सम्मानित
लखनऊ में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इसी क्रम में इंस्पेक्टर गीतेश कपिल को गैलेंट्री मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस सेवा में असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को रेखांकित किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया गया।












