मोदी ग्राउंड में दबंगई: गाली-गलौज के विरोध पर तमंचे की बट से हमला, युवक पर झोंका फायर

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मोदी ग्राउंड में रविवार रात बच्चों के विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गई। बाइक से पहुंचे चार युवकों पर गाली-गलौज करने, विरोध करने पर तमंचे की बट से दो युवकों के सिर पर हमला करने और बीच-बचाव करने वाले युवक पर फायर झोंकने का आरोप है। गोली निशाना चूकने से युवक बाल-बाल बच गया।

आरोप है कि हमलावर मौके से भागते समय भी फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना के बाद मोदी ग्राउंड में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

बच्चों के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे थे शिवम

धौरेरा माफी निवासी शिवम पटेल के अनुसार, रविवार रात करीब आठ बजे वह मोदी ग्राउंड में टहल रहे थे। इसी दौरान मैदान में मौजूद कुछ बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ता देखकर शिवम ने बीच-बचाव कर बच्चों को अलग कराने का प्रयास किया।

शिवम का आरोप है कि इसी दौरान पुनीत मौर्य, अंशु मौर्य, भगवान शरण और राजवीर मौर्य बाइक से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि चारों ने शिवम और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद और बढ़ गया।

तमंचा निकालकर सिर पर हमला करने का आरोप

शिवम के मुताबिक, विरोध करने पर पुनीत मौर्य ने तमंचा निकाल लिया और उसकी बट से टिंकू व मनोज के सिर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों घायल हो गए। तमंचा देखकर मैदान में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

आरोप है कि हमला होते देखकर शिवम ने पुनीत को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान पुनीत ने शिवम पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली निशाना चूकने से शिवम बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

भागते समय फायरिंग और धमकी का आरोप

शिकायत के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी बाइक से मौके से भाग निकले। आरोप है कि जाते समय भी उन्होंने फायरिंग की और शिवम समेत अन्य लोगों को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष इज्जतनगर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

चार के खिलाफ मुकदमा, एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने शिवम पटेल की तहरीर के आधार पर पुनीत मौर्य, अंशु मौर्य, भगवान शरण और राजवीर मौर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, घटनास्थल और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें