बरेली में रसोई गैस की किल्लत के बीच डीलरों का खेल! बिना सिलिंडर मिले ही दिखा रहे डिलीवरी

बरेली। रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच डीलरों की कथित गड़बड़ी सामने आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिना गैस सिलिंडर दिए ही उनके कनेक्शन पर डिलीवरी दिखा दी जा रही है। इससे लोगों को एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और गैस की कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है।

फतेहगंज पश्चिमी के साहूकारा क्षेत्र की निर्मला गुप्ता ने फोन से गैस सिलिंडर बुक कराने की कोशिश की, लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी। इसके बाद वह शुक्रवार को न्यू जय माता दी एपी गैस सर्विस पहुंचीं और कतार में खड़ी रहीं। जब उनका नंबर आया तो पता चला कि चार दिन पहले ही उनके नाम से सिलिंडर बुक होकर घर पर डिलीवर दिखा दिया गया है। यह सुनकर वह मायूस होकर लौट गईं।

ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बुकिंग नहीं कराई थी, उनके कनेक्शन नंबर से एजेंसी संचालक खुद ही बुकिंग दिखा रहे हैं। किल्लत के समय इन सिलिंडरों को स्टॉक कर दोगुनी कीमत पर बेचने की आशंका जताई जा रही है।

जोगी नवादा निवासी अमित वर्मा ने 23 फरवरी को फोन से गैस सिलिंडर बुक कराया था, लेकिन कई दिन बाद भी सिलिंडर घर नहीं पहुंचा। वहीं नकटिया चेतना कॉलोनी निवासी विनीत शुक्ला ने तीन मार्च को बुकिंग कराई थी। छह मार्च को डिलीवरी का मैसेज आया, लेकिन सिलिंडर नहीं मिला।

दोनों उपभोक्ता शुक्रवार को राज गैस सर्विस, ईसाइयों की पुलिया पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि सिलिंडर उनके घर पहुंच चुका है और अब 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग हो सकेगी। इस पर उपभोक्ताओं की स्टाफ से नोकझोंक भी हुई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

वहीं रम्पुरा गांव के सुमेश कुमार गंगवार, मुरारी लाल और जितेंद्र कुमार ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने न तो सिलिंडर बुक कराया और न ही लिया, फिर भी उनके कनेक्शन पर डिलीवरी दिखा दी गई। उन्होंने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन उत्तर प्रदेश पर दर्ज कराई है।

उधर, एजेंसी संचालकों का कहना है कि अचानक बुकिंग बढ़ने और सीमित आपूर्ति व डिलीवरी स्टाफ के कारण सिलिंडर समय पर पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि मामला गंभीर है। उपभोक्ता साक्ष्य के साथ शिकायत करें, जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें