बरेली। महिलाओं से छिनैती की लगातार घटनाओं से शहर में दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने के बाद वह मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। यह बदमाश इज्जतनगर, कैंट और सुभाषनगर थाना क्षेत्रों में हुई कई लूट की वारदातों में वांछित था।
तीन थाना क्षेत्रों में की थीं वारदातें
पुलिस के अनुसार—
9 मार्च: इज्जतनगर के नैनीताल रोड रेलवे मार्केट में
12 मार्च: कैंट क्षेत्र के बुखारा मोड़ पर
13 मार्च: सुभाषनगर के पराग फैक्ट्री के पास
बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं से पर्स, मोबाइल और हैंडबैग छीने थे। तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज थी और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे सुभाषनगर पुलिस को सूचना मिली कि छिनैती में शामिल एक बदमाश यामाहा FZ बाइक से करगैना क्षेत्र में वारदात की फिराक में घूम रहा है।
पुलिस ने फतेहपुर रोड इटौआ मोड़ पर घेराबंदी कर दी।
घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। चेतावनी के बावजूद उसने गोली चलाना जारी रखा, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।
संजू और अमित मिलकर देते थे वारदातों को अंजाम
गिरफ्त में आए बदमाश ने अपना नाम संजय उर्फ संजू उर्फ रघु (24) निवासी ग्राम सुकाली, थाना शाही बताया।
उसने बताया कि वह अपने साथी अमित के साथ मिलकर वारदातें करता था।
पुलिस अब अमित की तलाश में जुट गई है।
बरामद सामान
आरोपी के कब्जे से—
तमंचा
दो जिंदा कारतूस
दो खोखा
बिना नंबर प्लेट की यामाहा FZ बाइक
तीन वारदातों में छीने गए मोबाइल
नकदी
आधार कार्ड
बरामद किए गए।
अस्पताल में भर्ती, आगे की कार्रवाई जारी
मुठभेड़ में घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंस्पेक्टर सुभाषनगर सतीश कुमार और चौकी इंचार्ज करगैना राजेंद्र सिंह सिरोही ने टीम के साथ मिलकर बदमाश को दबोचा।
मुठभेड़ के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











