बरेली। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की समाजवादी पार्टी (सपा) में वापसी की अटकलें तेज हो गई हैं। रविवार को उन्होंने अपनी बेटी कीर्ति कश्यप के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद बरेली की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मुलाकात के दौरान सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, वरिष्ठ नेता वीरपाल सिंह यादव और पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार भी मौजूद रहे। हालांकि, धर्मेंद्र कश्यप की सपा में वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बिथरी चैनपुर सीट पर टिकट को लेकर मुकाबले के आसार
धर्मेंद्र कश्यप पहले ही अपनी बेटी कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता वीरपाल सिंह यादव भी अपने बेटे डॉ. देवेंद्र यादव के लिए टिकट की दावेदारी कर रहे हैं।
ऐसे में बिथरी चैनपुर सीट पर दोनों राजनीतिक परिवारों की संभावित दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी नेतृत्व के सामने स्थानीय संगठन, नेताओं की दावेदारी और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार का चयन करना अहम होगा।
सपा नेतृत्व के फैसले पर टिकी निगाहें
अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या धर्मेंद्र कश्यप सपा में वापसी करेंगे और क्या उनकी बेटी कीर्ति कश्यप को बिथरी चैनपुर से टिकट मिलेगा। फिलहाल पार्टी की ओर से किसी भी उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आने वाले दिनों में इस सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अब सबकी निगाहें समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं।
संवाददाता: रोहिताश कुमार











