बरेली के दो नेताओं को राज्यसभा का टिकट, 2027 के चुनाव से पहले बदले सियासी समीकरण

बरेली। भाजपा ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इनमें बरेली के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार को भी प्रत्याशी बनाया गया है। दोनों नेताओं को राज्यसभा का टिकट मिलने के बाद बरेली की राजनीति में नए सियासी समीकरण बनने लगे हैं।
धर्मपाल सिंह लंबे समय से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं। रामप्रकाश गुप्त और राजनाथ सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल में भी वह मंत्री रहे। वर्ष 2002 में मायावती सरकार में उन्होंने श्रम राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा विधानसभा की विभिन्न समितियों और भाजपा विधानमंडल दल के उपनेता के रूप में भी उन्होंने काम किया।
वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ की पहली सरकार में धर्मपाल सिंह को सिंचाई मंत्री बनाया गया था। करीब ढाई साल बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। वर्ष 2022 में पांचवीं बार विधायक चुने जाने के बाद वह फिर योगी मंत्रिमंडल में शामिल हुए। पशुधन एवं दुग्ध विकास, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज समेत कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके धर्मपाल सिंह के लिए राज्यसभा की उम्मीदवारी राजनीति में नया पड़ाव मानी जा रही है।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश से धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को प्रत्याशी बनाया है। इनमें श्रुति गंगवार और बाराबंकी की पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत दो महिला चेहरे हैं।
राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। प्रकाश पाल का कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के संगठन में लंबा अनुभव रहा है। आगरा के पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह चौहान ने भी जमीनी कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश संगठन तक कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। वहीं विद्यासागर सोनकर और गोपी कृष्ण पांडेय को भी भाजपा ने उच्च सदन के चुनाव में मैदान में उतारा है।
2027 विधानसभा चुनाव से पहले बदले समीकरण
बरेली भाजपा में विधानसभा चुनाव से पहले दो नेताओं को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कई नए समीकरण बन रहे हैं। आंवला विधानसभा क्षेत्र में अब भाजपा किसी नए चेहरे पर दांव लगा सकती है। वहीं दूसरे दलों से विधायक और प्रत्याशी रहे कई नेता भी भाजपा के टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं।
श्रुति गंगवार भी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय थीं। उनके राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद बहेड़ी और नवाबगंज विधानसभा सीट से उनके चुनाव लड़ने की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और श्रुति गंगवार को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी संगठन पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान ने बरेली के दो नेताओं पर भरोसा जताया है, जिससे प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी बरेली का मान बढ़ेगा।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें