ट्रेन आने से पहले ट्रैक से युवक को खींचकर बचाई जान, दो पुलिसकर्मियों को SSP ने किया सम्मानित

बरेली। देवरनियां थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की सजगता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक युवक की जान बच गई। पारिवारिक कलह से परेशान 31 वर्षीय युवक आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक पर लेट गया था। इसी दौरान ट्रेन उसके नजदीक पहुंच रही थी। समय रहते गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की नजर युवक पर पड़ गई और उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे ट्रैक से सुरक्षित बाहर खींच लिया।
घटना 22 सितंबर 2026 को थाना देवरनियां क्षेत्र में किमन के पास की है। युवक पारिवारिक विवाद के चलते बरेली-लालकुआं रेल लाइन पर जाकर लेट गया था। उसी समय क्षेत्र में गश्त कर रहे थाना देवरनियां में तैनात उपनिरीक्षक शेखर खोखर और आरक्षी आकाश कुमार की नजर रेलवे ट्रैक पर पड़े युवक पर पड़ी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए दोनों पुलिसकर्मी तत्काल ट्रैक की ओर दौड़े और ट्रेन के पहुंचने से ठीक पहले युवक को सुरक्षित बाहर खींच लिया। पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से युवक की जान बच गई और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
युवक को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी काउंसलिंग की और उसे समझाया कि पारिवारिक या व्यक्तिगत परेशानियों का समाधान आत्महत्या नहीं है। इसके बाद उसके परिजनों को मौके पर बुलाकर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
SSP ने दोनों पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
पुलिसकर्मियों की इस साहसिक और मानवीय कार्रवाई की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य ने सराहना की। SSP ने उपनिरीक्षक शेखर खोखर और आरक्षी आकाश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही दोनों पुलिसकर्मियों को ₹5-5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया।
SSP ने पुलिसकर्मियों की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में लोगों की सुरक्षा और जीवन बचाना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। दोनों पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और साहस से एक युवक को नया जीवन मिला।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें