बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में सोमवार को पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनी वारदात में बदल गई। पंचायत के दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर अपनी सास और साले की हत्या कर दी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार अफसर खान का अपनी 24 वर्षीय पत्नी शायमा से काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले को सुलझाने के लिए सोमवार को गांव में दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान कहासुनी बढ़ गई, जिस पर अफसर खान गुस्से में आ गया और अपने पास रखा चाकू निकालकर हमला कर दिया।
सास और साले पर ताबड़तोड़ वार
अचानक हुए हमले से पंचायत में मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए थे कि आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में उसकी 45 वर्षीय सास आसमा और 19 वर्षीय साले आदिल गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बीच-बचाव करने आई पत्नी शायमा भी चाकू के वार से गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
अस्पताल में दो की मौत
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायलों को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आसमा और आदिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शायमा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
दिनदहाड़े हुई इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद ही घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।












