बरेली। पांच साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय जनता पार्टी की ब्रज क्षेत्र कार्यसमिति घोषित कर दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मंजूरी के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने नई टीम का ऐलान किया। नई कार्यसमिति में पुराने और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने का दावा किया गया है। वहीं, टीम की घोषणा के बाद पार्टी के अंदर पदों के चयन को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
नई कार्यसमिति में बरेली के आठ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. निवेदिता श्रीवास्तव को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, संजीव शर्मा एडवोकेट को महामंत्री तथा डॉ. आदेश गंगवार और दीपक सोनकर को क्षेत्रीय मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, पूर्व महानगर महामंत्री यतिन भाटिया, आंवला के पूर्व जिलाध्यक्ष वीर सिंह पाल और चंचल गंगवार को क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है।
बरेली के नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारी
भाजपा की नई ब्रज क्षेत्रीय टीम में बरेली को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। डॉ. निवेदिता श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष, संजीव शर्मा एडवोकेट को महामंत्री और डॉ. आदेश गंगवार व दीपक सोनकर को मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चार नेताओं को कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है। इस तरह बरेली से कुल आठ नेताओं को क्षेत्रीय संगठन में जगह मिली है।
पुराने पदाधिकारियों की वापसी पर चर्चा
नई कार्यसमिति घोषित होने के बाद पार्टी के भीतर पदों के चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ नेताओं का कहना है कि संगठनात्मक अनुभव के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष के पुराने संपर्कों और राजनीतिक समीकरणों को भी महत्व दिया गया है। हालांकि, निजी संबंधों के आधार पर पद दिए जाने की चर्चाओं पर भाजपा संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि नई टीम का गठन राजनीतिक, सामाजिक और भौगोलिक संतुलन के साथ आगामी मिशन-2027 को ध्यान में रखकर किया गया है।
37 पदाधिकारियों के सहारे मिशन-2027
ब्रज क्षेत्र की नई कार्यसमिति में कुल 37 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें 10 उपाध्यक्ष, चार महामंत्री, 10 मंत्री और 13 कार्यसमिति सदस्य शामिल हैं। टीम में नए चेहरों के साथ संगठन में पहले जिम्मेदारी संभाल चुके नेताओं को भी स्थान दिया गया है।
डॉ. आदेश गंगवार का स्वागत
क्षेत्रीय मंत्री बनाए गए डॉ. आदेश गंगवार का सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। वह कुछ समय पहले ही महानगर भाजपा की टीम में महामंत्री बनाए गए थे। स्वागत कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, राजीव साहनी, विष्णु शर्मा और अजय प्रताप सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
2020 के बाद अब बनी पूर्ण क्षेत्रीय टीम
इससे पहले नवंबर 2020 में तत्कालीन क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने ब्रज क्षेत्र की टीम का विस्तार किया था। उस कमेटी में बरेली से दुर्विजय सिंह शाक्य और हर्षवर्धन आर्य को उपाध्यक्ष तथा रवि रस्तोगी को कार्यसमिति सदस्य बनाया गया था।
वर्ष 2023 में दुर्विजय सिंह शाक्य क्षेत्रीय अध्यक्ष बने थे, लेकिन उन्हें अपनी नई टीम गठित करने का अवसर नहीं मिला। अब पूरन लाल लोधी के नेतृत्व में नई टीम के गठन को विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
पूरन लाल लोधी बोले—संतुलन के आधार पर हुआ चयन
क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने कहा कि प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास में लेकर राजनीतिक, सामाजिक और भौगोलिक संतुलन के आधार पर नई टीम गठित की गई है। मिशन-2027 में विजय के लिए नए, पुराने और सामयिक चेहरों को उचित स्थान दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि नई टीम सामूहिक प्रयासों के जरिए ब्रज क्षेत्र में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाने की दिशा में काम करेगी।











