डीआरआई अधिकारी बनकर तीन करोड़ का सोना लूटने वाला राहुल गिरफ्तार

 

**फार्मेसी कंपनी में एरिया मैनेजर है आरोपी, कब्जे से 880 ग्राम सोना बरामद; कीमत करीब 1.15 करोड़ रुपये**

**बरेली।** चंबल एक्सप्रेस में डीआरआई (राजस्व आसूचना निदेशालय) का अधिकारी बनकर करीब तीन करोड़ रुपये का सोना लूटने वाले गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बारादरी थाना क्षेत्र निवासी राहुल मौर्य के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि राहुल एक फार्मेसी कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने उसके कब्जे से 880 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

**भभुआ रोड स्टेशन के पास दिया था वारदात को अंजाम**

जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर माह में बिहार के भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया था। बरेली के सराफा कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल की फर्म संकल्प गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी संजीव चौहान कोलकाता से चंबल एक्सप्रेस के जरिए बरेली लौट रहा था। उसके पास करीब 2.006 किलो सोना था।

इसी दौरान गिरोह के सदस्यों ने खुद को डीआरआई अधिकारी बताकर कर्मचारी को रोक लिया। आरोपियों ने कार्रवाई करने और जेल भेजने का डर दिखाया। इतना ही नहीं, कारोबारी के घर छापेमारी कराने की धमकी देकर उसके पास मौजूद सोना और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब 2.92 करोड़ रुपये बताई गई थी। मामले में 24 अक्टूबर को भभुआ रोड रेल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

**तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार**

घटना के खुलासे के लिए बिहार रेल पुलिस ने एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बरेली पुलिस की मदद से रोहित कुमार, सचिन गंगवार और वरुण कुमार को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। वहीं, राहुल मौर्य और धर्मेंद्र पटेल की तलाश जारी थी।

अब पुलिस ने राहुल मौर्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 880 ग्राम सोना बरामद किया है। इस गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है।

**लूट के सोने से संपत्ति बनाने का आरोप**

एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और बरामदगी की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर लूट और अवैध कमाई से बरेली में कई मकान बनवाए हैं। उसकी संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराध से प्राप्त रकम को कहां-कहां निवेश किया गया है।

**बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस**

करीब तीन करोड़ रुपये के इस सोना लूटकांड में पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश कर रही है। साथ ही लूटे गए शेष सोने की बरामदगी और आरोपियों की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। राहुल की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें