**बरेली।** कार्तिक पूर्णिमा स्नान के अवसर पर रामगंगा घाट पर आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्रीमती अंशिका वर्मा ने थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम गोरा लोकनाथपुर स्थित रामगंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं के आवागमन और यातायात प्रबंधन तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी मीरगंज एवं प्रभारी निरीक्षक थाना मीरगंज सहित पुलिस बल मौजूद रहा। एसपी साउथ ने मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्तों और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा।
एसपी साउथ ने निर्देशित किया कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही न बरती जाए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मेले और स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराना है।









