बरेली। कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम फरीदापुर चौधरी में नाले में गौवंशीय अवशेष मिलने के मामले में पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आने पर 7 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
यह मामला मु0अ0सं0 230/2026 के तहत धारा 3/8 गौवध निवारण अधिनियम में दर्ज किया गया था। जांच के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय की रिपोर्ट में संबंधित पुलिसकर्मियों की लापरवाही स्पष्ट पाई गई। रिपोर्ट मिलते ही एसएसपी ने सख्त कदम उठाते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबित पुलिसकर्मियों में 2 उपनिरीक्षक, 4 हेड कांस्टेबल और 1 कांस्टेबल शामिल हैं। इनमें उपनिरीक्षक उमेश कुमार राय, उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल मोहम्मद सलीम, पप्पूराम, मनोज कुमार, सर्वेश कुमार और कांस्टेबल अरुण कुमार के नाम शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
इसी प्रकरण में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गौकशी के आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से तीन आरोपी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी पुलिस से माफी मांगते नजर आए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ढिलाई बरतने वाले कर्मियों और अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












