बरेली। किला थाना क्षेत्र के छावनी इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां डेढ़ माह की मासूम बच्ची की घर के अंदर ही मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब माता-पिता उसे घर में बंद कर भीख मांगने चले गए थे।
सूचना मिलने पर थाना किला प्रभारी सुभाष यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शादाब, उसकी पत्नी हिना उर्फ साइन और उनके परिजन भीख मांगकर जीवन यापन करते हैं। परिवार पिछले चार महीनों से किराये के मकान में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि शादाब के चार छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां शामिल हैं। मृत बच्ची का जन्म करीब एक माह पहले हुआ था और वह कमजोर थी। शुक्रवार सुबह दंपती बच्चों को घर में बंद कर भीख मांगने चले गए थे।
रात में लौटने पर बच्ची घर के अंदर मृत मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बीमारी और कमजोरी के कारण मौत की पुष्टि हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












