बरेली। संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) को अतिक्रमण और बिचौलियों की गतिविधियों से मुक्त कराने के लिए सोमवार को परिवहन विभाग ने व्यापक अभियान चलाया। RTO परिसर, मुख्य द्वार और आसपास के क्षेत्रों में औचक जांच कर अनधिकृत गतिविधियों और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने करीब 10 अस्थायी दुकानों और अतिक्रमणों को हटवाया। कार्यालय के आसपास लगे खोखे, अस्थायी दुकानें, बिना अनुमति संचालित गतिविधियां और संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े वाहनों को भी हटाया गया। जरूरत वाले स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के लिए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई।
बिचौलियों की गतिविधियों पर रखी गई नजर
परिवहन विभाग को RTO कार्यालय के आसपास कुछ बिचौलियों के सक्रिय होने की शिकायतें मिल रही थीं। अधिकारियों ने अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और अनधिकृत गतिविधियों की जांच की। विभाग ने स्पष्ट किया कि RTO परिसर अथवा मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि परिवहन विभाग से संबंधित कार्यों के लिए अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें और अनधिकृत बिचौलियों के संपर्क में न आएं।
दलाली और अवैध वसूली पर होगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि कार्यालय के आसपास दलाली, अवैध वसूली या किसी अन्य अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
24 घंटे चालू रहेंगे CCTV कैमरे
RTO कार्यालय में निगरानी और पारदर्शिता व्यवस्था मजबूत करने के लिए CCTV कैमरों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को प्रतिदिन CCTV रिकॉर्डिंग की निगरानी करने को कहा गया है, जिससे कार्यालय परिसर और मुख्य द्वार के आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने की अपील
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों और आम नागरिकों से अपील की है कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट समेत अन्य परिवहन सेवाओं के लिए किसी अनधिकृत बिचौलिए के संपर्क में न आएं। विभाग के अनुसार कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। नागरिक निर्धारित ऑनलाइन माध्यम, जनसेवा केंद्र या विभागीय काउंटर के जरिए सीधे आवेदन कर सकते हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अभियान का नेतृत्व RTO प्रशासन पंकज सिंह और RTO प्रवर्तन प्रणव झा ने संयुक्त रूप से किया। कार्रवाई के दौरान ARTO प्रशासन डॉ. प्रवेश कुमार सरोज, ARTO प्रवर्तन वैभव सोती, यात्री/मालकर अधिकारी रमेश चंद्र प्रजापति और अजीत प्रताप सिंह सहित परिवहन विभाग का प्रवर्तन दल और कर्मचारी मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने कहा कि RTO कार्यालय को व्यवस्थित, पारदर्शी और बिचौलियों से मुक्त रखने के लिए अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई और औचक जांच आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक कार्यालय आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और परिवहन सेवाएं उन्हें सीधे व पारदर्शी तरीके से मिलें, इसके लिए निगरानी व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जाएगा।
संवाददाता रोहिताश कुमार











