बरेली: दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये वसूलने और अतिरिक्त धनराशि की मांग करने के मामले में थाना प्रेमनगर पुलिस ने वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला को सैटेलाइट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को अभिषेक ने थाना प्रेमनगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अमृत कौर पत्नी सतनाम सिंह, निवासी गांधीपुरम, हार्टमैन रोड, थाना प्रेमनगर ने उसे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये की धनराशि प्राप्त की।
आरोप है कि इसके बाद अमृत कौर द्वारा अतिरिक्त रकम की मांग की गई और झूठे आरोप लगाकर मुकदमे में जेल भिजवाने का भय दिखाया गया। तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सैटेलाइट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 अगस्त 2026 को करीब 11:10 बजे सैटेलाइट बस स्टैंड के पास से 24 वर्षीय अमृत कौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्ता के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में लालच में आकर गलती करने की बात कही
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्ता ने बताया कि वह लालच में आकर उक्त कृत्य करने लगी थी और उससे गलती हो गई।
यह पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार, महिला कांस्टेबल गायत्री भाटी और इच्छा शामिल रहीं।
संवाददाता रोहिताश कुमार











