सम्पूर्ण समाधान दिवस: कमिश्नर, डीएम और CDO ने तीन तहसीलों में सुनीं जनता की समस्याएँ, दिए सख्त निर्देश

बरेली। जिले में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासनिक मशीनरी मैदान में उतरी और तीन अलग-अलग तहसीलों—सदर, आंवला और मीरगंज—में शीर्ष अधिकारियों ने जनता की समस्याएँ सुनीं।

मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने तहसील सदर में, जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आंवला में और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने मीरगंज तहसील में जनसुनवाई की।

आंवला में डीएम अविनाश सिंह ने सुनी शिकायतें

आंवला तहसील में पहुंचे जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, विकास और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही कई प्रकरणों के समाधान के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सुबह 9:45 बजे से 12:00 बजे तक कार्यालय में अनिवार्य रूप से बैठें। शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखें। निस्तारण ऐसा हो कि शिकायतकर्ता संतुष्ट होकर जाए।

IGRS पोर्टल की समीक्षा

जनसुनवाई के दौरान डीएम ने IGRS (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रेड्रेसल सिस्टम) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित मामलों को प्राथमिकता देकर कानूनी प्रक्रिया के तहत त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

सदर में कमिश्नर की सख़्ती

मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने तहसील सदर में जनसुनवाई के दौरान तहसील दिवस रजिस्टर, अधिकारियों की उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालयों पर जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है तथा जल्द ही सभी तहसीलों और सम्पूर्ण समाधान दिवसों पर भी लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

उन्होंने चेताया कि जनसुनवाई में अधिकारी समय से उपस्थित रहें, अन्यथा कार्रवाई तय है।

मीरगंज में CDO देवयानी ने संभाली जनसुनवाई

मीरगंज तहसील में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने जनता की शिकायतें सुनीं और विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कई मामलों का समाधान स्थल पर ही करा दिया गया।

जनता और शासन के बीच मजबूत संवाद

सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहा है, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सका है। बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने समाधान दिवस की व्यवस्था को उपयोगी बताया।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें