शेरगढ़ में पानी की टंकी की सीढ़ियां भरभराकर गिरीं, एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर

बरेली। विकासखंड शेरगढ़ की ग्राम पंचायत बकैनिया बीरपुर में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। हर घर जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी की सीढ़ियां (जीना) अचानक भरभराकर नीचे गिर गईं। हादसे में काम कर रहे दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, इनमें से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान वरुण पुत्र डोरी लाल (20) निवासी ग्राम पंचायत इंद्र, थाना नवाबगंज के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूर की पहचान राजेश पुरी पुत्र हेतराम, निवासी कुंडलिया खुर्द, थाना बिशारतगंज के रूप में बताई गई है।
अचानक भरभराकर नीचे गिरी सीढ़ियां
मौके पर मौजूद ग्रामीण थोड़ी राम ने बताया कि हादसे के समय करीब पांच मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक पानी की टंकी की सीढ़ियां भरभराकर नीचे गिर गईं। सीढ़ियों का आधे से अधिक हिस्सा टूटकर नीचे आ गया, जिसकी चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ मजदूर निर्माण कार्य करने से मना कर रहे थे, लेकिन एक अधिकारी के मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें काम करने के लिए कहा गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पानी की टंकी झुकने का भी आरोप
ग्रामीण नंदकिशोर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पानी की टंकी दक्षिण दिशा की ओर झुक चुकी है और निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों ने जांच की मांग की।
ग्रामीण प्रेमशंकर, अमित, रामप्रकाश, अनुज, मोहित और रामचरनलाल समेत कई लोगों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान महेंद्र पाल वर्मा ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
एसडीएम बोलीं- जांच के बाद होगी कार्रवाई
मीरगंज एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जल जीवन मिशन के अधिकारियों से भी बात की गई है। फिलहाल मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम और जांच के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें