बरेली। भारी बारिश के बीच मीरगंज क्षेत्र में भाखड़ा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तटीय इलाकों में बाढ़ और कटान का खतरा बढ़ गया है। नदी का पानी खेतों में पहुंचने से धान, गन्ना और अन्य मौसमी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
तहसील क्षेत्र के पैगानगरी गांव में हालात की गंभीरता को देखते हुए आजाद अधिकार सेना के बरेली जिलाध्यक्ष लादेन मंसूरी नदी के पानी में उतरकर तटीय क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने जलभराव और नदी किनारे हो रहे कटान का जमीनी स्तर पर जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि तेज बहाव के दौरान विशेष सावधानी बरतें।
लादेन मंसूरी ने खास तौर पर बच्चों और युवाओं को नदी के तेज बहाव के पास न जाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासनिक एवं राजनीतिक लोगों के क्षेत्रीय दौरों का सिलसिला भी जारी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही तटीय क्षेत्रों में सुरक्षा और राहत के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।










