भोजीपुरा में पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्रता, चार आरोपी गिरफ्तार

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जटौआ में पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्रता, मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी उन्होंने हाथापाई और अभद्रता की।
पुलिस के अनुसार घटना 7 सितंबर 2026 की है। हेड कांस्टेबल परमानंद और कांस्टेबल अरुण कुमार सम्मन/नोटिस तामील कराने तथा जांच संबंधी कार्रवाई के लिए ग्राम जटौआ पहुंचे थे। गांव के बाहर सड़क पर एक पिकअप वाहन खड़ा था। आरोप है कि उसके पास कुछ लोग पिकअप चालक अशोक, उसके भाई सूरजपाल, वेदप्रकाश, विक्की, सतीश समेत अन्य लोगों के साथ मछली पकड़ने वाले मोहम्मद यूनिश से मारपीट कर रहे थे।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराने और मारपीट रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने एक राय होकर पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
मामले में भोजीपुरा थाने में बीएनएस की धाराओं 3(5), 115(2), 121(1), 132, 191(2), 221, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 8 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:45 बजे जटौआ मोड़ के सामने मंदिर के पास से चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक पुत्र राधेश्याम, सूरजपाल पुत्र राधेश्याम और वेदप्रकाश पुत्र राधेश्याम, निवासी ग्राम जटौआ, थाना भोजीपुरा तथा कामता प्रसाद पुत्र मुन्नालाल, निवासी ग्राम कमुआ मकरूका, थाना भोजीपुरा, बरेली के रूप में हुई है।
पूछताछ में नशे की हालत में घटना की बात
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 7 सितंबर की शाम गांव के बाहर सड़क पर मछली पकड़ने वाले मोहम्मद यूनिश के साथ उनका विवाद हो रहा था। इसी दौरान पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे नशे की हालत में थे और इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता एवं मारपीट कर बैठे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक पवन कुमार, कांस्टेबल संजय सागर, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल संतोष कुमार और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें