बरेली, अयोध्या में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान समारोह एवं नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों-सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का मंगलवार को बरेली में भी लाइव प्रसारण किया गया। विकास भवन स्थित सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लाइव देखा और सुना।
अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। बरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद बरेली छात्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निष्ठा और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी : सांसद
सांसद छात्रपाल गंगवार ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रही हैं। उन्होंने सभी कार्यकत्रियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को लगातार स्मार्ट और आधुनिक बनाया जा रहा है। छोटे बच्चों के विकास, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मां के बाद बच्चों का सबसे अधिक संवाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से होता है, इसलिए उनके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है।
सांसद ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पांच लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और मानदेय में वृद्धि जैसी घोषणाएं भी की गई हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही बच्चों के लिए पोषण पोटली भी वितरित की गई।
अधिकारियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने तथा बच्चों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के योगदान को सम्मान देने के साथ ही सरकार की महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संदेश दिया गया।










