नई सड़क बनने के बाद दोबारा खुदाई पर रोक, विभागों में समन्वय के निर्देश

बरेली, 5 सितंबर। शहर में नई सड़क बनने के बाद पाइपलाइन, बिजली, गैस या टेलीकॉम कार्यों के लिए दोबारा सड़क खोदने की समस्या रोकने के लिए नगर निगम ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को नगर आयुक्त ने नगर निगम के निर्माण कार्यों, सीएम ग्रिड परियोजना और नदौसी स्थित कान्हा गौशाला के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
स्टेडियम रोड पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेज
सीएम ग्रिड फेज-3 के तहत स्टेडियम रोड पर ईंट प्याजा चौराहे से महर्षि कश्यप चौराहे तक चयनित सड़क पर चिह्नित अतिक्रमण को लेकर नगर आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए। संपत्ति विभाग और मानचित्रकार को तीन दिन के भीतर सभी चिह्नित अतिक्रमणकारियों को शत-प्रतिशत नोटिस तामील कराने को कहा गया है। इसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी कर सड़क निर्माण कार्य समय से शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
सीएम ग्रिड फेज-1 के कार्यों की समीक्षा
बैठक में सीएम ग्रिड फेज-1 के तहत रोड नंबर-01, 02, 03 और 04 पर चल रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कुछ स्थानों पर पाथवे ऊबड़-खाबड़ मिलने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। परियोजना के शेष कार्य जल्द पूरे कराने और खुले सीवर चैंबर को कवर कराने को कहा गया।
विद्युत विभाग को परियोजना से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी के लिए आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। वहीं सड़क पर चल रहे ब्रांडिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया, ताकि सभी संबंधित काम सड़क निर्माण के साथ समय से पूरे हो सकें।
सड़क निर्माण से पहले पूरे होंगे पाइपलाइन और बिजली के काम
नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि किसी भी सड़क का निर्माण शुरू करने से पहले जलकल विभाग, बिजली विभाग, सीयूजीएल और टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय किया जाए। संबंधित विभाग पहले यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रस्तावित सड़क के नीचे पाइपलाइन, सीवर, बिजली, गैस अथवा टेलीकॉम से जुड़े जरूरी कार्य पूरे हो चुके हों।
उन्होंने कहा कि जहां सीवर या पाइपलाइन बिछाने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां मरम्मत और सड़क निर्माण का कार्य प्राथमिकता से कराया जाए। इससे नई सड़क बनने के बाद दोबारा खुदाई की स्थिति नहीं बनेगी और सरकारी धन की बर्बादी पर भी रोक लगेगी।
15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि के कार्यों में तेजी
समीक्षा बैठक में 15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि से कराए जा रहे सड़क, नाला निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति भी देखी गई। नगर आयुक्त ने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। बारिश के कारण प्रभावित कार्यों के लिए नए सिरे से कार्ययोजना तैयार कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा गया।
कान्हा गौशाला में तालाब से प्ले जोन तक होगा सौंदर्यीकरण
नदौसी स्थित कान्हा गौशाला के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य अभियंता निर्माण को गौशाला परिसर के तालाब में बोल्डर पिचिंग कराने को कहा गया। प्ले जोन में मिट्टी भराव के बाद ग्रास पेवर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के निर्देश दिए गए।
तालाब के आसपास और गार्ड रूम के सामने खाली स्थान पर ग्रिल लगाकर लैंडस्केपिंग कराई जाएगी। जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कम गहरी नाली का निर्माण कराया जाएगा। गायों और नंदियों के लिए पहले से बने टीन शेड का विस्तार तथा कच्चे स्थानों पर सीसी इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के कार्य भी समय से पूरा कराने को कहा गया।
रोजाना होगी चारे की तौल
कान्हा गौशाला में निर्माणाधीन वेइंग मशीन का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। मशीन तैयार होने के बाद गौशाला में प्रतिदिन पहुंचने वाले चारे का वजन दर्ज किया जा सकेगा। इससे चारे की आपूर्ति की निगरानी और सत्यापन के साथ पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा प्रभारी संपत्ति और तहसीलदार को तहसील प्रशासन से समन्वय कर नदौसी स्थित कान्हा गौशाला के आसपास नगर निगम की संपत्तियों, तालाब और अन्य भूमि का चिह्नांकन कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम की भूमि पर अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों को केवल समय पर पूरा करना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी गुणवत्ता की भी नियमित निगरानी जरूरी है। सड़क, नाला, पाथवे, सीवर और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं बरती जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम कराने पर जोर दिया, ताकि विकास कार्यों के दौरान आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो और नई तैयार सड़कों को बार-बार खोदने की स्थिति न बने।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें