बरेली। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ यूनिट बरेली को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।
आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। एएनटीएफ के अनुसार कार्रवाई 4 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना और निगरानी के आधार पर की गई।
परौरा कट पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
एएनटीएफ यूनिट बरेली की टीम ने रिेबल हॉस्पिटल के सामने परौरा कट, थाना मीरगंज क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन की खेप बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुब्बार खां पुत्र छिद्दन खां, निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली के रूप में हुई है।
देहरादून में सप्लाई करने जा रहा था हेरोइन
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने भाई के साथ मिलकर कथित तौर पर हेरोइन की सप्लाई करता है। दोनों सस्ते दामों पर हेरोइन खरीदकर देहरादून में पार्टियों को सप्लाई करते थे।
पुलिस का दावा है कि आरोपी इस बार भी हेरोइन की खेप लेकर देहरादून में सप्लाई करने जा रहा था, लेकिन रास्ते में एएनटीएफ टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
बरामदगी के संबंध में थाना मीरगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। एएनटीएफ अब मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हेरोइन की खेप कहां से मिलती थी और देहरादून में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस के अनुसार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
विकास यादव के नेतृत्व में कार्रवाई
इस कार्रवाई में एएनटीएफ यूनिट बरेली के प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव के साथ कांस्टेबल सौरभ चौधरी, अंकित यादव, कुश कुमार, रविन्द्र चौधरी, नीरज चौधरी और महिला कांस्टेबल रिजवाना शामिल रहीं। थाना मीरगंज की ओर से उपनिरीक्षक पंकज कुमार और कांस्टेबल अंकुर सिरोही ने सहयोग किया। एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ की सर्विलांस टीम का भी कार्रवाई में सहयोग रहा।
एएनटीएफ की इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब पूछताछ के आधार पर कथित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।











