53 केंद्रों पर होगी दरोगा भर्ती परीक्षा, डीआईजी का अलर्ट सॉल्वर पकड़े गए तो सीधे जाएंगे जेल

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद बरेली मंडल में आयोजित होने वाली उप निरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

14 और 15 मार्च को होने वाली इस परीक्षा में बरेली मंडल के चार जिलों में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्रों पर कुल 73,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर बरेली रेंज के डीआईजी अजय साहनी ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी तरह की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सॉल्वर गैंग पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। यदि कोई सॉल्वर पकड़ा गया तो उसके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।

डीआईजी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही अभ्यर्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए रेलवे और रोडवेज अधिकारियों के साथ समन्वय कर विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है।

यह परीक्षा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित की जा रही है। बरेली मंडल के चार जिलों—बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत—में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

बरेली: 19 केंद्र, 32,640 अभ्यर्थी

शाहजहांपुर: 13 केंद्र, 18,240 अभ्यर्थी

बदायूं: 15 केंद्र, 17,280 अभ्यर्थी

पीलीभीत: 6 केंद्र, 5,760 अभ्यर्थी

बरेली जिले में परीक्षा दो पालियों में होगी—पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक। प्रत्येक पाली में 8,160 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा की निगरानी के लिए 950 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा 450 पुलिसकर्मियों के साथ 836 शिक्षक और कर्मचारी परीक्षा संचालन में लगाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक एंट्री सिस्टम लागू किया गया है। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच होगी और मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

हर परीक्षा केंद्र पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जबकि जिला स्तर पर पुलिस लाइन और ट्रेजरी के स्ट्रांग रूम में भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। साथ ही एलआईयू और साइबर टीम सोशल मीडिया की निगरानी करेगी, ताकि पेपर लीक या अफवाह जैसी गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र की निगरानी एक क्षेत्राधिकारी (सीओ) और संबंधित थाना प्रभारी करेंगे। दो केंद्रों पर एक सीओ को जिम्मेदारी दी गई है और केंद्रों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

होटल और परिवहन पर भी प्रशासन की पैनी नजर

परीक्षा में बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को देखते हुए प्रशासन ने होटल और लॉज संचालकों को रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। अधिक वसूली या अभ्यर्थियों से अनुचित व्यवहार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा रेलवे और रोडवेज अधिकारियों के साथ समन्वय कर अभ्यर्थियों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था भी की जा रही है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें