बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज के रेस्पिरेटरी एवं क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ललित सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। अमेरिका के शिकागो शहर में 23 मार्च 2026 को आयोजित सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (SCCM-USA) के 55वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्हें अमेरिकन कॉलेज ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन द्वारा प्रतिष्ठित एफसीसीएम (FCCM) फैलोशिप से सम्मानित किया गया।
यह फैलोशिप क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चुनिंदा विशेषज्ञों को ही प्रदान की जाती है। अब तक बहुत कम भारतीय चिकित्सकों को यह सम्मान मिला है, ऐसे में डॉ. ललित सिंह का इस सूची में शामिल होना बरेली और पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
डॉ. ललित सिंह इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फैलोशिप और महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। अपनी इस उपलब्धि पर उन्होंने इसका श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों, मित्रों और मरीजों को दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों के विश्वास और समर्थन ने ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने एसआरएमएस ट्रस्ट के चेयरमैन देवमूर्ति और डायरेक्टर आदित्य मूर्ति का विशेष आभार व्यक्त किया। डॉ. सिंह ने कहा कि उनके पूर्ण समर्थन और विश्वास के कारण ही उन्हें मरीजों की सेवा का अवसर मिला और वह इस क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर पाए।
आने वाले समय में वह क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में शोध, नवाचार और उत्कृष्टता को और आगे बढ़ाने पर काम करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यरत चिकित्सकों को क्रिटिकल केयर का प्रशिक्षण देने पर विशेष ध्यान देंगे, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों तक बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।












