करोड़ों की ठगी के आरोपी आरके गोला पर कसा शिकंजा, बदायूं में चार बीघा जमीन कुर्क

बरेली/बदायूं। निवेश के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी आरके गोला उर्फ रूप किशोर गोला के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग के आदेश के बाद बदायूं जिले में उसकी चार बीघा जमीन को कुर्क कर लिया गया है।
बताया गया है कि आरके गोला आईसीएल म्यूचुअल बेनिफिट्स लिमिटेड का निदेशक है और उस पर निवेशकों से बड़ी रकम ठगने के आरोप हैं। जिला उपभोक्ता प्रतितोष आयोग ने पिछले वर्ष चार अलग-अलग मामलों में आदेश देते हुए गोला को निवेशकों का भुगतान करने के निर्देश दिए थे। इन आदेशों के तहत उसे एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि लौटानी थी, लेकिन उसने आदेश का पालन नहीं किया।
आयोग के निर्देश के बावजूद 79.77 लाख रुपये का भुगतान न करने पर प्रशासन ने बदायूं के परगना उझानी क्षेत्र के गांव मिढ़ौली में स्थित उसकी चार बीघा भूमि को कुर्क कर लिया। इसके साथ ही प्रशासन अब उसकी अन्य संपत्तियों का भी विवरण जुटा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव रमजानपुर में आरके गोला का एक आलीशान मकान है। इसके अलावा बरेली, पीलीभीत और उत्तराखंड के रुद्रपुर में भी उसकी करोड़ों रुपये की संपत्तियां बताई जा रही हैं। आरोप है कि वह इन संपत्तियों को ठिकाने लगाने की कोशिश में लगा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, उपभोक्ता आयोग के आदेश के बाद भी गोला ने निवेशकों का भुगतान करने के बजाय बरेली में करीब 1.24 करोड़ रुपये की जमीन बेच दी। रामगंगा के पास गांव अखा-ढखा में स्थित यह जमीन अगस्त 2025 में बेची गई थी। बताया जाता है कि आरोपी ज्यादातर समय अपनी डेयरी पर बिताता है। इसके अलावा अलीगंज क्षेत्र के गांव खजुवाई में भी उसकी करोड़ों की अचल संपत्ति बताई जा रही है।
गौरतलब है कि आरके गोला के खिलाफ बरेली, बदायूं, पीलीभीत के साथ-साथ उत्तराखंड में भी ठगी के कई मुकदमे दर्ज हैं। सशर्त जमानत मिलने के बावजूद उसने निवेशकों को पैसा वापस नहीं किया।
इधर, हजारों करोड़ रुपये की ठगी के अन्य चर्चित मामलों में भी कार्रवाई की मांग तेज हो रही है। कैनविज कंपनी के निदेशक कन्हैया गुलाटी और अमर ज्योति कंपनी के निदेशक सूर्यकांत मौर्य व उसके भाई शशिकांत मौर्य पर भी बरेली, बदायूं और पीलीभीत के विभिन्न थानों में ठगी के 100 से अधिक मामले दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि सूर्यकांत और शशिकांत मौर्य पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अब तक इन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें