बरेली। जिले के फरीदपुर कस्बे में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां बस में हुई दो दिन की जान-पहचान एक मां को भारी पड़ गई। एक महिला ने भरोसा जीतकर नौ माह के मासूम बच्चे को लेकर फरार हो गई। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
बस में हुई मुलाकात बनी मुसीबत
हरदोई जिले के देहात थाना क्षेत्र के मिरगंवा गांव निवासी सुनभला कुमारी 17 मार्च को अपने नौ माह के बेटे अरुण के साथ घर से निकली थीं। पारिवारिक विवाद के चलते उनके पास यात्रा के लिए पैसे भी नहीं थे। बस में जब कंडक्टर ने किराया मांगा तो एक अनजान महिला ने उनका टिकट लेकर मदद की और यहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
दो दिन तक रखा अपने साथ
महिला ने सुनभला की परेशानी सुनकर उसे अपने घर ले जाकर दो दिन तक अपने साथ रखा। पीड़िता ने उस महिला पर भरोसा कर लिया।
बैंक का बहाना बनाकर दिया झांसा
गुरुवार को आरोपी महिला सुनभला और उसके बच्चे को लेकर फरीदपुर पहुंची। पहले वह मोबाइल ठीक कराने एक दुकान पर गई, फिर बैंक में काम होने की बात कहकर बच्चे को अपने साथ ले गई। उसने कहा कि बच्चे के साथ काम जल्दी हो जाएगा।
दो घंटे इंतजार के बाद खुला राज
सुनभला कुमारी दुकान पर करीब दो घंटे तक इंतजार करती रही, लेकिन महिला वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
CCTV में कैद हुई आरोपी
पुलिस ने बैंक और आसपास की दुकानों के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी महिला बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दी। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
मामला दर्ज, तलाश जारी
फरीदपुर थाना प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ बच्चे के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।












