बरेली। हाफिजगंज इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां क्रिकेट खेलते समय एक बीएससी छात्र की अचानक मौत हो गई। परिजन उसकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट मान रहे हैं। ईद से ठीक पहले हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
क्रिकेट खेलते समय अचानक गिरा छात्र
जानकारी के मुताबिक, हरहरपुर मटकली गांव निवासी रहीस अहमद का 22 वर्षीय पुत्र शाकिब दिल्ली में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। वह ईद मनाने के लिए करीब सात दिन पहले अपने घर आया था।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शाकिब अपने दोस्तों के साथ गांव के ईदगाह के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और उसकी सांस फूलने लगी।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन और दोस्त उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और पढ़ाई में काफी होनहार था। उसका सपना डॉक्टर बनने का था।
कार्डियक अरेस्ट की आशंका
जिला अस्पताल के फिजिशियन (चेस्ट) डॉ. ए.एम. अग्रवाल के अनुसार, खेल के दौरान अचानक मौत का कारण अक्सर हार्ट अटैक नहीं बल्कि सडेन कार्डियक अरेस्ट होता है। उन्होंने बताया कि ऐसी घटनाओं के पीछे पुरानी बीमारी के अलावा अन्य कारण भी हो सकते हैं। खेलते समय चक्कर आना, सीने में दर्द या जकड़न, सांस फूलना और बेहोशी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
विशेषज्ञों की सलाह
डॉक्टरों के अनुसार, शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन होने पर दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है, जिससे ऐसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।












