एचपीसीएल प्लांट में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, पूर्व कर्मचारी ने मैनेजर और डिप्टी मैनेजर को गोलियों से भुना

बदायूं। जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सैजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब एक कार सवार हमलावर ने प्लांट में घुसकर मुख्य प्रबंधक परियोजना और उप प्रबंधक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नोएडा निवासी प्लांट के मुख्य प्रबंधक परियोजना सुधीर गुप्ता (55) और बरेली निवासी उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावर ने ऑटोमैटिक गन से दो से तीन गोलियां दोनों अधिकारियों को मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल अधिकारियों को सीएचसी दातागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार गोली चलाने वाला आरोपी अजय प्रताप सिंह प्लांट में पहले ऑपरेटर के पद पर काम कर चुका है। नौकरी से हटाए जाने के बाद से उसका अधिकारियों से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने से विवाद जारी था और इससे पहले भी 6 फरवरी को आरोपी ने प्लांट में घुसकर दोनों अधिकारियों पर हमला किया था, जिस मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डॉ. बृजेश कुमार सिंह, अवनीश राय और अजय साहनी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

घटना के बाद प्लांट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और जांच पूरी होने तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें