बरेली। जिले के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 10.35 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस राशि से बड़ा बाग हनुमान मंदिर और लीलौर झील सहित कुल छह स्थलों का सुंदरीकरण व आधुनिक सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। पर्यटन विभाग का मानना है कि इससे जिले में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
बड़ा बाग हनुमान मंदिर को मिले 3.55 करोड़
हार्टमन स्थित बड़ा बाग हनुमान मंदिर परिसर के विकास, सौंदर्यीकरण और सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए 3.55 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
आनंद आश्रम के लिए 90 लाख
विकास भवन के सामने स्थित आनंद आश्रम में आने वाले यात्रियों के लिए एक बड़े हॉल के निर्माण हेतु 90 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
लीलौर झील का कायाकल्प: 3 करोड़ रुपये
आंवला क्षेत्र की लीलौर झील पर 52 हेक्टेयर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के लिए शासन ने 3 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यहां यात्री हॉल, फूड कोर्ट, कैफेटेरिया, टॉयलेट ब्लॉक, बोटिंग सुविधा का निर्माण कराया जाएगा।
अहिच्छत्र किला व गुलड़िया गौरीशंकर मंदिर
दोनों स्थलों पर ओपन हॉल निर्माण की मंजूरी दी गई है, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जैन मंदिर को 2.50 करोड़, द्रौपदी स्वयंवर स्थल को 90 लाख
आंवला स्थित जैन मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। यहाँ बड़ा यात्री हॉल, टॉयलेट और फूलों की दुकानें बनाई जाएँगी।
इसके अलावा, 500 मीटर दूरी पर स्थित द्रौपदी स्वयंवर स्थल के लिए 90 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जहाँ आकर्षक पेंटिंग म्यूरल तैयार किए जाएँगे।
पर्यटन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि बजट जारी होने से जिले के पर्यटन स्थलों का व्यापक विकास होगा, जिससे पर्यटक संख्या बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।












