Bareilly School Closed: बारिश के चलते बरेली में मंगलवार-बुधवार भी बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल

बरेली। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों की छुट्टी दो दिन और बढ़ा दी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आदेश के बाद मंगलवार और बुधवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे।

लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कें पानी में डूबी हैं और कई निचले इलाकों में घरों और दुकानों तक पानी पहुंच गया है। जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया फैसला

प्रशासन ने बारिश और जलभराव के बीच स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है। अवकाश का आदेश सरकारी स्कूलों के साथ मान्यता प्राप्त तथा विभिन्न बोर्डों से संचालित स्कूलों पर भी लागू होगा।

प्रशासन ने स्कूल संचालकों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। छुट्टी के आदेश के बावजूद स्कूल खोलने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

कई निजी स्कूलों ने कक्षा 12 तक बढ़ाई छुट्टी

वहीं, बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए शहर के कई बड़े निजी और मिशनरी स्कूलों ने भी अपने स्तर से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों की छुट्टी बुधवार तक बढ़ा दी है। जलभराव वाली सड़कों पर स्कूल बसों और वैन के संचालन में आ रही परेशानी को भी इसका एक कारण माना जा रहा है।

आगे भी बढ़ सकती है छुट्टी

मौसम का मिजाज अभी खराब बना हुआ है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और हालात और बिगड़े तो स्कूलों की छुट्टी आगे भी बढ़ाई जा सकती है। फिलहाल मंगलवार और बुधवार को कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को स्कूल जाने से राहत मिल गई है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें