कड़ी सुरक्षा के बीच बरेली-पीलीभीत में दरोगा भर्ती परीक्षा शुरू, सख्त जांच के बाद मिला प्रवेश

बरेली/पीलीभीत। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित उप निरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा शनिवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई। बरेली के 19 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन परीक्षा कराई जा रही है। दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 32,640 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।

परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और बायोमैट्रिक सत्यापन कराया गया। कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों के जूते और मोजे उतरवाकर तलाशी ली गई, ताकि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अनुचित सामग्री को अंदर ले जाने से रोका जा सके। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर करीब 950 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

परीक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 836 शिक्षकों और 450 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। शुक्रवार से ही परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। परीक्षा के दौरान नकल या गड़बड़ी की किसी भी कोशिश को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं, जबकि अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

वहीं पीलीभीत शहर के छह परीक्षा केंद्रों पर भी परीक्षा कड़ी निगरानी में कराई जा रही है। पहली पाली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया। शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और उपाधि महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुबह आठ बजे से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

यह भर्ती परीक्षा शनिवार और रविवार को कुल चार पालियों में आयोजित की जाएगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें