मेंथा तेल कारोबारी रहस्यमय तरीके से लापता, गोदाम से मिली डायरी में आत्महत्या का जिक्र

बरेली। मेंथा तेल के ऑनलाइन सट्टे से जुड़े एक कारोबारी के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई है। Prem Nagar क्षेत्र की सांई धाम कॉलोनी निवासी तेल कारोबारी गौतम कुमार रहस्यमय परिस्थितियों में घर से गायब हो गए हैं। उनके बेटे प्रणव कुमार सैनी ने प्रेमनगर थाने में पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई है।

पुलिस ने कारोबारी के गोदाम की तलाशी के दौरान एक डायरी बरामद की है, जिसमें हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट मिला है। नोट में कर्ज और व्यापार में भारी नुकसान से परेशान होकर गंगा में कूदकर आत्महत्या करने की बात लिखी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कारोबारी की तलाश की जा रही है।

गोदाम की तलाशी में मिला नोट

पुलिस के अनुसार, गौतम कुमार के लापता होने की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने उनके गोदाम का ताला खुलवाकर जांच की। तलाशी के दौरान एक डायरी मिली, जिसमें लिखा था कि व्यापार में भारी घाटे के कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं और जीवन से निराश हो चुके हैं।

रोजाना दो लाख रुपये तक का घाटा

कारोबारी के बेटे प्रणव कुमार सैनी ने क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम को बताया कि उनके पिता सांई धाम कॉलोनी स्थित गोदाम और घर में अकेले रहते थे, जबकि वह खुद नोएडा में नौकरी करते हैं। डायरी में लिखा है कि अधिकतर लोग उनसे एमसीएक्स के जरिए मेंथा तेल का ऑनलाइन सट्टा लगवाते थे, जिसमें उन्हें लगातार नुकसान हो रहा था। नोट के मुताबिक रोजाना करीब दो लाख रुपये तक का घाटा हो रहा था, जो महीने में लगभग 50 लाख रुपये तक पहुंच जाता था।

रोज आते थे 200 से 250 फोन कॉल

डायरी में यह भी उल्लेख है कि रोजाना करीब 200 से 250 फोन कॉल आते थे, जिनमें लोग सट्टे के लेन-देन और पैसों की मांग को लेकर लगातार दबाव बनाते थे। इन कॉलों के कारण वह मानसिक रूप से और अधिक परेशान हो गए थे। नोट में यह भी लिखा गया है कि इस धंधे में कई लोग रोज लाखों रुपये कमा रहे हैं, जबकि वह लगातार घाटे में जा रहे हैं।

डायरी में दर्ज नामों से पूछताछ

सुसाइड नोट में कुछ लोगों के नाम भी दर्ज हैं। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं गोदाम की तलाशी के दौरान कई ड्रमों में केवल कुछ लीटर मेंथा ऑयल ही मिला, जिससे व्यापार में भारी नुकसान और आर्थिक संकट की आशंका भी जताई जा रही है।

थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। कारोबारी की तलाश के लिए पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर भेजी गई है। फिलहाल गौतम कुमार का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें