दोहरे हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, पंचायत में सास और साले की कर दी थी हत्या

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अफसर उर्फ बौरा का मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। इज्जतनगर क्षेत्र में सहारा ग्राउंड के पास हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

 

पुलिस के अनुसार, दोहरे हत्याकांड के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर पांच टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थीं। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सहारा ग्राउंड के पास उसकी घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

बताया जा रहा है कि सोमवार को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान अफसर उर्फ बौरा अचानक उग्र हो गया और उसने अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई थी। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव में दहशत फैल गई थी और लोगों में आक्रोश भी देखा गया।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी पिछले कई वर्षों से शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। करीब नौ साल से घर में विवाद और प्रताड़ना का सिलसिला चल रहा था। रविवार को भी उसने हमला किया था, लेकिन उस समय वह बचकर निकल गया था। सोमवार को पंचायत के दौरान उसने सास और साले की हत्या कर दी और पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन उसने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें वह घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें