नो एंट्री में ट्रक ने होमगार्ड को रौंदा, मौके पर मौत; ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल

बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे एक होमगार्ड की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार होमगार्ड को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार हार्टमैन रामलीला गोटिया निवासी 59 वर्षीय रमेश गिरी मंगलवार को रोज की तरह साइकिल से जजी कॉलोनी ड्यूटी के लिए निकले थे। जैसे ही वह कर्मचारी नगर चौकी के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सड़क पर पड़ा शव देख राहगीरों की रूह कांप उठी।

नो एंट्री में ट्रक की एंट्री पर उठे सवाल

जिस क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है, वहां ट्रक का पहुंचना बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नो एंट्री केवल कागजों तक सीमित है और जमीनी स्तर पर नियमों का पालन नहीं हो रहा। आरोप यह भी लगे हैं कि कुछ ट्रैफिक पुलिसकर्मी कथित रूप से अवैध वसूली कर भारी वाहनों को अंदर जाने देते हैं। इस हादसे के बाद इन आरोपों को और बल मिला है।

हादसे के बाद हंगामा, चालक हिरासत में

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने विरोध जताया। कुछ देर के लिए सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

चार महीने बाद होना था रिटायरमेंट

मृतक के बेटे विकास गोस्वामी के मुताबिक, रमेश गिरी चार महीने बाद रिटायर होने वाले थे। परिवार उनके रिटायरमेंट का इंतजार कर रहा था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। पत्नी मीना गहरे सदमे में हैं और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

अधिकारियों का बयान

एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है, हालांकि मिनी बाईपास रोड पर नो एंट्री लागू नहीं रहती है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें